खरकाई ब्रिज पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, निगम सख्त; नदी में कचरा फेंकने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी

SHARE:

Adityapur : आदित्यपुर और जमशेदपुर को जोड़ने वाले खरकाई ब्रिज पर मंगलवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। पुल पर अवैध रूप से कब्जा जमाए फल विक्रेताओं को हटाया गया और मौके पर फैली गंदगी को साफ कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को यातायात सुगमता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


नगर निगम के अधिकारी रवि भारती के नेतृत्व में टीम ने पुल पर सघन जांच और कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि फुटपाथी अतिक्रमण के कारण न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि इसका सीधा असर खरकाई नदी के पारिस्थितिकी तंत्र पर भी पड़ता है।


अभियान के दौरान उन लोगों को भी रोका गया जो पुल से नदी में कचरा फेंक रहे थे। निगम ने स्पष्ट किया है कि दोबारा ऐसी गतिविधि करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, खरकाई नदी में लगातार गिराया जा रहा कचरा जल प्रदूषण को बढ़ा रहा है, जिससे मछलियों और अन्य जलीय जीवों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि औद्योगिक प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर भी नजर रखी जा रही है।


स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इस तरह के अभियान अक्सर कुछ दिनों तक ही असर दिखाते हैं। अतिक्रमण हटने के बाद कुछ ही समय में फिर वही स्थिति बन जाती है। लोगों का मानना है कि नियमित निगरानी, सीसीटीवी के जरिए चालान और सख्त जुर्माना व्यवस्था लागू किए बिना समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

साथ ही फुटपाथी विक्रेताओं के पुनर्वास की मांग भी उठ रही है, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो और शहर की व्यवस्था भी बनी रहे।

फिलहाल नगर निगम ने साफ कर दिया है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त किया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें