Seraikela : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और रोजाना लगने वाले जाम को लेकर पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर आदित्यपुर क्षेत्र में अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई यातायात प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में आदित्यपुर ब्रिज से लेकर S-Type चौक तक की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और सर्विस रोड पर खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को हटाने के लिए लगातार माइकिंग की गई। पुलिस की सख्ती और माइकिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। वाहन मालिक जल्दबाजी में अपनी गाड़ियां हटाते नजर आए।
यातायात प्रभारी ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि मुख्य सड़क और सर्विस लेन पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दरअसल, आदित्यपुर ब्रिज से S-Type चौक तक का इलाका लंबे समय से जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से जूझ रहा है। सर्विस रोड पर दुकानों का अतिक्रमण और ग्राहकों की गाड़ियां, वहीं मुख्य सड़क पर ऑटो चालकों की कतारें रोजाना यातायात को प्रभावित करती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के अभियान पहले भी चलते रहे हैं, लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ एक दिन की सख्ती तक सीमित रह जाती है। पुलिस के जाते ही फिर वही स्थिति बन जाती है। लोगों का मानना है कि जब तक नियमित रूप से चालान और टोइंग की कार्रवाई नहीं होगी, तब तक स्थिति में स्थायी सुधार संभव नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने साफ कर दिया है कि अगली बार बिना किसी पूर्व सूचना के अवैध रूप से खड़े वाहनों को जब्त किया जाएगा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा।











