जमशेदपुर में डॉ अच्युत सामंत का भव्य अभिनंदन, बोले- जीवन में जितना ऊपर उठें, उतना ही विनम्र बनें

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की अलख जगाने वाले प्रख्यात शिक्षाविद् और कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (कीट) के संस्थापक डॉ अच्युत सामंत का शनिवार शाम बिष्टुपुर स्थित होटल रामाडा के इंपीरियल हॉल में अभिनंदन किया गया। समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। समारोह में शहर के औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। वक्ताओं ने शिक्षा के जरिए राष्ट्र निर्माण तथा वंचित वर्ग के उत्थान के लिए डॉ सामंत के योगदान की सराहना की।

डॉ सामंत रविवार को एनआईटी जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में अपनी 80वीं मानद डी.लिट. उपाधि से सम्मानित होने वाले हैं। उनके जमशेदपुर आगमन की जानकारी मिलने पर शहर के शुभचिंतकों ने अल्प सूचना पर यह अभिनंदन समारोह आयोजित किया। समारोह में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों की भागीदारी रही।

डॉ सामंत का जीवन अपने आप में एक सीख : डीबी सुंदर रामम

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने कहा कि डॉ अच्युत सामंत के जीवन और उनके कार्यों से सभी को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उनका पूरा जीवन अपने आप में एक सीख है। शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके कार्य अनुकरणीय हैं।

उन्होंने टाटा स्टील फाउंडेशन की पहल ‘मस्ती की पाठशाला’ का उल्लेख करते हुए कहा कि टाटा स्टील भी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। जिन बच्चों के माता-पिता नहीं हैं, उनकी उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कंपनी प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डॉ सामंत के सम्मान समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है।

शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण कर रहे डॉ सामंत : अमरप्रीत सिंह काले

समारोह के आयोजक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि डॉ अच्युत सामंत को ईश्वरीय शक्ति प्राप्त है, जिसके माध्यम से वे शिक्षा के जरिए राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहे हैं। वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उनके जीवन में बदलाव लाने का उनका प्रयास प्रेरणादायी है।

अमरप्रीत सिंह काले के आत्मीय स्वागत और अभिवादन से डॉ सामंत भावविह्वल हो गए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को एक अच्छा इंसान मानते हैं, जिसमें एक अच्छी आत्मा का वास है। जब कोई नेक इंसान सच्चे मन से किसी को आशीर्वाद देता है, तो वह अवश्य फलित होता है। उन्होंने काले को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जीवन में जितना ऊपर उठें, उतना ही विनम्र बनें

अपने सम्मान में आयोजित समारोह से अभिभूत डॉ सामंत ने अमरप्रीत सिंह काले और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जीवन में जितना ऊपर उठे, उसे उतना ही विनम्र बनना चाहिए। साधारण वेशभूषा में समारोह में पहुंचे डॉ सामंत की सहजता और सादगी ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए ईश्वर के प्रति आभार जताया। कहा कि उन्हें कीट, किस, किम्स और ‘जॉय ऑफ गिविंग’ जैसी संस्थाओं एवं पहलों के माध्यम से समाज की सेवा करने का अवसर मिला।

बिष्टुपुर में हुआ था जन्म, चार वर्ष की उम्र में खोया पिता का साया

डॉ सामंत ने जमशेदपुर से अपने गहरे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका जन्म बिष्टुपुर में हुआ था। उनके पिता टाटा स्टील में श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। जब वह महज चार वर्ष के थे, तब टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी मां और सात भाई-बहनों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया।

उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने तक उनके पिता के सहकर्मियों ने परिवार को राशन उपलब्ध कराकर मदद की। इसके बाद उनकी मां बच्चों को लेकर अपने गांव लौट गईं। डॉ सामंत ने बचपन के संघर्षों और जमशेदपुर से जुड़ी स्मृतियों को भावुक होकर साझा किया।

समारोह में शहर की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (डाउनस्ट्रीम) उज्जल चक्रवर्ती, आरएसबी के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा, एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. डॉ गौतम सूत्रधार, टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ शाहनवाज आलम, टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू चौधरी), सीआईआई झारखंड के अध्यक्ष डिल्लू पारीख और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया उपस्थित थे।

इसके अलावा आर. रवि, डॉ एसएस राजी, डॉ त्रिपुरा झा, आरबीबी सिंह, अनिल मोदी, योगेश मल्होत्रा, दिव्यांशु सिन्हा, दिलीप गोयल, जवाहर विग, जय कमानी, किलोल कमानी, नकुल कमानी, रणजोत सिंह, सुनील वर्मा, वीनू टोंक, दलजीत सिंह, दीपक गोयल, ज्ञान तनेजा, हर्ष बाकरेवाल, अमित अग्रवाल और शक्ति सेनापति समेत शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें