Jamshedpur : उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने शुक्रवार को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान सिदगोड़ा और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए करीब 170 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग की टीम ने बाबूडीह बस्ती, भुईयाँडीह, ह्यूमपाइप बस्ती और मुंडरारी बस्ती में छापेमारी की। इस दौरान अवैध शराब की बिक्री से जुड़े चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए शराब जब्त की गई।
विभाग के अनुसार, मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत चार अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं। छापेमारी के बाद अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

















