आजादनगर में गांजा कारोबार का खुलासा, 1,299 पुड़िया के साथ दो गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर आजादनगर पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे कथित गांजा कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान 3.680 किलोग्राम गांजा, 1,299 पुड़िया, 6,590 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और दो क्यूआर कोड समेत पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक सामग्री बरामद की गई है।

शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि एसएसपी को आजादनगर क्षेत्र में गांजा के कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

वारिश कॉलोनी के मकान में हुई छापेमारी

गठित टीम ने गुरुवार को आजादनगर थाना क्षेत्र के वारिश कॉलोनी, बेहरा बगान रोड नंबर-4 स्थित एक मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस के अनुसार, गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर बिक्री के लिए तैयार किया जाता था।

पुलिस ने मकान की संचालिका बिनीता तिर्की, निवासी वारिश कॉलोनी रोड नंबर-4, बेहरा बगान तथा उसके सहयोगी अब्दुल शकील, निवासी ग्रीन वैली रोड नंबर-17, हुसैनी मोहल्ला को गिरफ्तार किया।

आजादनगर, कपाली और मानगो में होती थी बिक्री

पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी गांजा को आजादनगर, कपाली और मानगो के आसपास के इलाकों में बेचते थे। बिक्री की रकम लेने के लिए क्यूआर कोड का भी इस्तेमाल किया जाता था।

पूछताछ के दौरान अब्दुल शकील ने पुलिस को बताया कि उसे गांजा बुंडू निवासी धोनी नामक व्यक्ति से मिलने की जानकारी मिली थी। पुलिस अब गांजा की आपूर्ति करने वाले लोगों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।

बरामद सामान

  • 3.680 किलोग्राम गांजा
  • 1,299 गांजा पुड़िया
  • ₹6,590 नकद
  • एक मोबाइल फोन
  • बिक्री की रकम लेने के लिए दो क्यूआर कोड
  • गांजा पैकिंग में इस्तेमाल प्लास्टिक सामग्री

पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें