Adityapur : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के तहत 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ जयवर्धन कुमार ने संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के साथ खूँटपानी प्रखंड के निम्न प्रगति वाले मतदान केंद्र संख्या 83, 84, 93, 94 एवं 96 का स्थल निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, घर-घर सत्यापन, डिजिटाइजेशन तथा अन्य पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। डिजिटाइजेशन कार्य में हो रही देरी के कारणों का आकलन करते हुए संबंधित बीएलओ (BLO) को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर उपायुक्त ने विभागीय रजिस्टर के आधार पर 20 जुलाई तक ASDD Voters की सूची तैयार कर उसका डिजिटाइजेशन पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक से संबंधित सभी प्रक्रियाएं तय समय के भीतर पूरी की जा सकें।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए और किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने गणना प्रपत्रों के समयबद्ध संकलन, अभिलेखों के शत-प्रतिशत सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
जयवर्धन कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं बीएलओ निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के नागरिकों से भी अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई। लोगों से आग्रह किया गया कि वे गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, आवश्यक दस्तावेज देने में सहयोग करें तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, स्थानीय मुखिया तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

















