Jamshedpur: भाजपा जिला प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने भालूबासा स्थित टाटा स्ट्राइव एक्सटेंशन सेंटर द्वारा संचालित बजाज ऑटो सर्विस टेक्नीशियन एक्सीलेंस प्रोग्राम का भ्रमण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से उनके प्रशिक्षण, भविष्य की योजनाओं तथा कौशल विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
भ्रमण के दौरान अखिलेश सिंह ने प्रशिक्षुओं के साथ E20 पेट्रोल के उपयोग, उसके तकनीकी पहलुओं और पर्यावरणीय महत्व पर भी विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि भविष्य में वैकल्पिक एवं पर्यावरण-अनुकूल ईंधन की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है। वहीं प्रशिक्षुओं ने भी E20 ईंधन से संबंधित अपने प्रशिक्षण अनुभव और इसके संभावित लाभों पर अपने विचार रखे।
अखिलेश सिंह ने प्रशिक्षुओं में सीखने की उत्सुकता, अनुशासन, तकनीकी दक्षता हासिल करने की लगन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में कौशल विकास ही युवाओं की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
उन्होंने कहा कि यह जानकर संतोष हुआ कि संस्थान तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, अंग्रेजी एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण, कार्यस्थल के अनुरूप आवश्यक कौशल, प्लेसमेंट सहायता तथा स्वरोजगार के लिए बिना ब्याज आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने इसे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण संस्थान आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के सेंटर मैनेजर सैयद उमर, प्रशिक्षु चंदन सहित सभी प्रशिक्षकों, कर्मचारियों एवं संस्था की टीम से मुलाकात कर प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पूरी टीम को इस उत्कृष्ट पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















