Jamshedpur : महाप्रभु श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब, काशीडीह की ओर से आगामी श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 के भव्य पूजा पंडाल का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों के साथ काशीडीह बस्ती के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भूमि पूजन का अनुष्ठान सुश्री गरिमा सिंह के करकमलों द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।
क्लब के मुख्य संरक्षक अभय सिंह ने कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन संस्कृति में आस्था, सेवा और लोककल्याण का प्रतीक है। ऐसे शुभ अवसर पर दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि पूजन अत्यंत शुभ और मंगलकारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष का दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा, संस्कृति और भव्यता का अनूठा संगम बनेगा।
उन्होंने बताया कि क्लब के सदस्य अभी से पूजा की तैयारियों में जुट गए हैं। इस वर्ष आकर्षक एवं कलात्मक पूजा पंडाल, मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तथा सामाजिक संदेश पर आधारित विशेष थीम तैयार की जाएगी, ताकि पूजा पंडाल शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सके।
अभय सिंह ने जानकारी दी कि दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित महाभोग में इस वर्ष 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की जाएगी। महाभोग को पारंपरिक और विशेष स्वरूप देने के लिए पश्चिम बंगाल के अनुभवी कारीगरों से इसे तैयार कराने की योजना बनाई गई है, जिस पर प्रारंभिक सहमति भी बन चुकी है।
उन्होंने बताया कि पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही क्लब की विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। भूमि पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष निर्भय सिंह, कोषाध्यक्ष ऐश्वर्य सिंह, सुनील दास, सुशील श्रीवास्तव, कृष्णा, अंकित मोदी, नीरज गुप्ता, पुत्तन सैनी, विद्याशंकर गुप्ता, श्याम खंडेलवाल, तुषार अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं काशीडीह बस्ती के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
















