Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को चांडिल और गम्हरिया प्रखंड के आयुष ग्रामों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। जिला उपायुक्त के निर्देश पर आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम के पर्यवेक्षण में आयोजित इन शिविरों में कुल 94 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
चांडिल प्रखंड के आयुष ग्राम बांसा (धोनाबुरु पंचायत) तथा गम्हरिया प्रखंड के आयुष ग्राम यशपुर में आयोजित शिविरों के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड शुगर जांच और होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
यशपुर में आयोजित शिविर में 51 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि बांसा में 43 ग्रामीणों की जांच की गई। बांसा शिविर में जोड़ों के दर्द, खाज-खुजली, सर्दी-खांसी, गैस्ट्राइटिस समेत अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं। सभी लाभार्थियों की निःशुल्क ब्लड शुगर जांच भी की गई।
जिला प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, सामान्य बीमारियों का समय पर उपचार उपलब्ध कराना, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना है।
प्रशासन के अनुसार जिले के विभिन्न आयुष ग्रामों में नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को उनके घर के निकट सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।








