नौ दुकानों में चोरी के विरोध में जदयू ने सौंपा ज्ञापन, अपराधियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो एवं उलीडीह थाना क्षेत्र में एक ही रात नौ दुकानों में हुई चोरी की घटना के विरोध में जनता दल (यूनाइटेड), पूर्वी सिंहभूम के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उलीडीह थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर घटना का शीघ्र खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए नकद और सामान की बरामदगी की मांग की।

मानगो मंडल अध्यक्ष लालू गौड़ एवं उलीडीह मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मानगो-डिमना रोड एवं उलीडीह क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में एक ही रात नौ दुकानों को निशाना बनाया गया। कई दुकानों के ताले तोड़ दिए गए, जबकि दो दुकानों से नकद राशि और लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली गई।

जदयू नेताओं ने कहा कि पुलिस की नियमित गश्ती के दावों के बावजूद इस तरह की संगठित चोरी की घटना ने व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य सुरागों के आधार पर विशेष जांच अभियान चलाकर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने चोरी गए सामान की बरामदगी, प्रमुख बाजारों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग उठाई।

ज्ञापन सौंपने के बाद जदयू नेताओं ने चोरी से प्रभावित दुकानों का दौरा कर पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। नेताओं ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित कराने के लिए पार्टी प्रशासन के साथ लगातार संवाद बनाए रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम भी उठाएगी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, कुलविंदर सिंह पन्नू, विकास साहनी, आकाश शाह, प्रेम सक्सेना, संजीव सिंह, उषा यादव, ममता सिंह, मुस्ताक अहमद, मनोज गुप्ता, नीरज साहू, अशोक सिंह, शिरीन अख्तर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें