राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत चांडिल और गम्हरिया में स्वास्थ्य शिविर, 94 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन के निर्देश पर राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत सोमवार को चांडिल प्रखंड के आयुष ग्राम बांसा (धोनाबुरु पंचायत) एवं गम्हरिया प्रखंड के आयुष ग्राम यशपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम के पर्यवेक्षण में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को स्वास्थ्य परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड शुगर जांच तथा होम्योपैथिक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।

गम्हरिया प्रखंड के यशपुर में आयोजित शिविर में 51 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

वहीं, चांडिल प्रखंड के बांसा आयुष ग्राम में 43 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान जोड़ों के दर्द, खाज-खुजली, सर्दी-खांसी, गैस्ट्राइटिस सहित अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं। साथ ही सभी लाभार्थियों की निःशुल्क ब्लड शुगर जांच भी की गई।

जिला प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, सामान्य बीमारियों का समय पर उपचार उपलब्ध कराना, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय आयुष मिशन के निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न आयुष ग्रामों में नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को उनके घर के निकट सुलभ, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें