Ghatshila : स्थानीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने रविवार को धालभूमगढ़ में हाईवे चौक से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली लिंक रोड के मरम्मत एवं कालीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है और सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
विधायक ने बताया कि यह लिंक रोड कई वर्ष पूर्व बनाई गई थी, लेकिन समय के साथ सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई थी। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क की स्वीकृत चौड़ाई 4 मीटर है, लेकिन अतिक्रमण के कारण लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को भी प्रशासन के संज्ञान में लाया गया है और आवश्यकता अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने बताया कि सड़क के मरम्मत एवं कालीकरण कार्य पर 8.13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कार्य पथ निर्माण विभाग की देखरेख में उर्मिला कंस्ट्रक्शन, जमशेदपुर द्वारा कराया जाएगा। सड़क की कुल लंबाई 270 मीटर तथा चौड़ाई 4 मीटर होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि अर्जुन हांसदा, सांसद प्रतिनिधि विश्वनाथ बेहरा, झामुमो वरिष्ठ नेता जगदीश भगत, जीबन हेम्ब्रम, रिंकू साव, बिनोद चौबे, बिरसिंह मुंडा, सुनाराम सोरेन, जिला उपाध्यक्ष प्रणव महतो, धीरेन पाल, मुखिया विक्रम टुडू सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।








