Adityapur : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलतापूर्वक संज्ञान लिया। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि विभागीय कार्रवाई से जुड़े मामलों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से खैगरा कंपनी द्वारा नवंबर एवं दिसंबर 2023 में कार्य कराने के बावजूद मजदूरी भुगतान लंबित रहने, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नीमडीह में छात्रा के नामांकन, राजनगर प्रखंड के एदल पंचायत अंतर्गत ग्राम रुपानाचना से पाचरीकुटुम तक पीसीसी सड़क निर्माण, नीमडीह प्रखंड के लाकड़ी गांव में सेविका चयन में कथित अनियमितता, गम्हरिया प्रखंड के बाड़ाकाकड़ा टोला आमदिया में यमुना तालाब पर स्नान घाट एवं समाहरणालय को जोड़ने वाली सड़क निर्माण, अनुकंपा नियुक्ति, भूमि विवाद, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े लोकहित एवं जनकल्याण से संबंधित अन्य मामलों पर भी लोगों ने अपनी शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा गंभीर प्रकृति के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।









