सरायकेला मंडलीय कारा में जेल अदालत और स्वास्थ्य शिविर आयोजित

SHARE:

Saraikela : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में रविवार को मंडलीय कारा सरायकेला में वृहत जेल अदालत सह चिकित्सा जांच एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को त्वरित न्याय, स्वास्थ्य सुविधा और कानूनी अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराना था।

जेल अदालत के दौरान छोटे-मोटे मामलों में लंबे समय से बंद कैदियों के मामलों की समीक्षा की गई। सिविल जज अनामिका किस्कू ने पात्र बंदियों के मामलों की सुनवाई करते हुए कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया और आवश्यक कानूनी राहत प्रदान की।

मुख्य विधिक सहायता रक्षा परामर्शी दिलीप शॉ एवं उनकी टीम ने बंदियों को मुफ्त विधिक सहायता योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है।


कार्यक्रम के तहत जेल परिसर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। डॉक्टरों की टीम ने बंदियों के स्वास्थ्य, ब्लड प्रेशर, शुगर एवं अन्य मौसमी बीमारियों की जांच की। जांच के बाद जरूरतमंद बंदियों के बीच मुफ्त दवाओं का वितरण किया गया।

जेल अधीक्षक सत्येंद्र कुमार एवं जेलर सोनू कुमार ने बंदियों को साफ-सफाई बनाए रखने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।


मंडलीय कारा के मुलाकाती क्षेत्र में हेल्प डेस्क की भी शुरुआत की गई। यहां आगंतुकों की सहायता के लिए पारा विधिक स्वयंसेवक मोहन कुमार हांसदा एवं तारामणि बांदिया की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इस अवसर पर सिविल जज अनामिका किस्कू, जेल अधीक्षक सत्येंद्र कुमार, मुख्य विधिक सहायता रक्षा परामर्शी दिलीप शॉ, उप मुख्य विधिक सहायता रक्षा परामर्शी सुनीत कर्मकार, सहायक विधिक सहायता रक्षा परामर्शी अंबिका चरण पाणी, विजय कुमार महतो, जेलर सोनू कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment