Rajnagar : सरायकेला-खरसावां जिले के हेंसल स्थित एनएच-88 होटल में कोल्हान पत्रकार एकता मंच के बैनर तले पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। शांतिपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में आयोजित इस बैठक में पत्रकार सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, पत्रकारों के अधिकार, संगठन की मजबूती तथा पत्रकार हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में राजनगर थाना प्रभारी उपस्थित रहे। संगठन की ओर से दोनों अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई युवा पत्रकारों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता है। यदि संगठन सामूहिक पहल करे तो पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें और सशक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा को भी आवश्यक बताया। वहीं राजनगर थाना प्रभारी ने पत्रकारों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज के लिए बेहद जरूरी है।
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पत्रकारों के अधिकारों को लेकर अपने विचार साझा किए। साथ ही संगठन की एकजुटता, भाईचारा और पत्रकार हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
बैठक के बाद संगठन के सदस्य हेंसल स्थित सुखचैन वाटर पार्क पहुंचे, जहां सभी ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के बीच मनोरंजन का आनंद लिया। इस दौरान संगठन को और मजबूत बनाने तथा पत्रकार हित में निरंतर कार्य करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।










