तुलग्राम में ज्येष्ठ उत्सव पर छौ नृत्य और झूमर की धूम, हरेलाल महतो ने कलाकारों को किया सम्मानित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर चांडिल प्रखंड के तुलग्राम गांव में शनिवार शाम भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक मानभूम छौ नृत्य और झूमर संगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता हरेलाल महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने ढोल, नगाड़ा और शहनाई की थाप पर वीर रस से ओत-प्रोत छौ नृत्य प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे मुखौटे और पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने महिषासुर वध और राम-रावण युद्ध जैसे पौराणिक प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। कलाकारों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

वहीं महिला मंडली द्वारा प्रस्तुत झूमर गीत-संगीत ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति की मिठास घोल दी। कुड़माली लोकगीतों की धुन पर ग्रामीण महिलाएं झूमती नजर आईं, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।

इस दौरान मुख्य अतिथि हरेलाल महतो ने छौ नृत्य दल के कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका सम्मान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छौ और झूमर झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और विरासत हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है, तभी हमारी लोक कलाएं जीवित रह सकेंगी।

उन्होंने आयोजक समिति की सराहना करते हुए ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लगातार आयोजित करने की अपील की।

कार्यक्रम में समाजसेवी हिकीम महतो, खगेन महतो, श्रावण महतो, बनमाली लोहार, बुद्देश्वर सिंह, भदरू सिंह, लालू सिंह सरदार, ग्राम प्रधान फूलचंद महतो, पद्मलोचन महतो, गौरीशंकर महतो, शरत महतो, लालटू महतो, श्यामाचरण महतो समेत युवा कमिटी के कई सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.