Jamshedpur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर की ओर से की ओर से रविवार को सेंट्रल जेल घाघीडीह में जेल अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान कैदियों के बीच कानूनी जागरूकता कार्यक्रम एवं मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसमें बंदियों को उनके अधिकारों और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
जेल अदालत में व्यवहार न्यायालय के एसीजेएम अजय कुमार गुरीया, डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी, लीगल एड काउंसिल के चीफ विदेश सिन्हा तथा सहायक सदस्य राजेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। अदालत में कुल दो मामलों की सुनवाई की गई, हालांकि दोनों मामलों का निष्पादन नहीं हो सका और वे अनसेटल रहे।
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। बंदियों के रहन-सहन, खानपान एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर कैदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
वहीं मेडिकल कैंप में डॉक्टरों की टीम ने सभी कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान सामान्य बीमारियों, ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई और आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जेल अधीक्षक, जेलर एवं जेल प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन का उद्देश्य कैदियों को न्यायिक प्रक्रिया से जोड़ने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।










