Kiriburu sail meeting : किरिबुरू में मजदूर संघ–सेल प्रबंधन बैठक, मेडिकल सुविधाओं पर उठे गंभीर सवाल, कई मांगें मानी गईं

SHARE:

Gua : झारखंड मज़दूर संघर्ष संघ और Steel Authority of India Limited (सेल) प्रबंधन के बीच स्थानीय समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें मेडिकल सुविधाओं की बदहाल स्थिति प्रमुख मुद्दा रही।

बैठक में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने अस्पताल प्रबंधन और सेल अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी तो संगठन सख्त कदम उठाएगा।

एम्बुलेंस और इलाज व्यवस्था पर सवाल

कर्मचारियों या उनके आश्रितों की मृत्यु होने पर शव को घर तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस नहीं मिलने का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया गया। इसे अमानवीय बताते हुए संगठन ने तत्काल व्यवस्था की मांग की। इस पर प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि आगे से यह जिम्मेदारी सेल प्रबंधन और अस्पताल उठाएंगे।

इसके अलावा—

मरीजों को समय पर रेफर नहीं करना

इलाज का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराना

डॉक्टरों की कमी और मशीनों का अभाव


जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

मेडिकल एथिक्स और सुविधाओं पर सहमति

संगठन के महामंत्री राजेन्द्र सिंधिया ने मेडिकल एथिक्स का हवाला देते हुए मरीजों को समय पर रेफर करने की मांग रखी। कई सवालों पर अस्पताल प्रबंधन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, हालांकि बैठक में कई मांगें मान ली गईं।

महत्वपूर्ण फैसले

मेडिकल ट्रैवलिंग अलाउंस ₹5000 से बढ़ाकर ₹11000 किया गया

आईजीएच के लिए 12-सीटर एसी एम्बुलेंस की सुविधा

एक अतिरिक्त नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराने पर सहमति


श्रमिक मुद्दों पर भी उठा सवाल

ठेका श्रमिकों के बकाया भुगतान और बिना कारण काम से हटाए जाने के मामलों पर भी संगठन ने नाराजगी जताई। स्पष्ट चेतावनी दी गई कि बिना नोटिस किसी श्रमिक को हटाने पर श्रम कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कई मुद्दों पर सहमति बनाते हुए निर्णय लिया गया कि ये व्यवस्थाएं 1 मई (श्रमिक दिवस) से लागू की जाएंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें