Seraikela : जिले में आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में भूमि विवाद, आदित्यपुर–गम्हरिया क्षेत्र के एस-टाइप मैदान के सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में लाभ से वंचित होने की शिकायतें प्रमुख रहीं। इसके अलावा तमोलिया–कपाली मुख्य मार्ग स्थित गोविंद विद्यालय के पास खराब नल के अधूरे निर्माण, टुईबासा जाहेरगढ़ स्थित जाहेरस्थान के लंबित सौंदर्यीकरण कार्य, भूमि म्यूटेशन, राशन, पेंशन, पेयजल और बिजली आपूर्ति से जुड़े कई मामले सामने आए।

उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें तुरंत पूरा किया जाए, जबकि अन्य मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे बिना किसी डर के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को जिला समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां लोग सीधे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।











