अंतुसाई (भालकाडीह) में निजी तालाब जीर्णोद्धार का शिलान्यास, जल संरक्षण और विकास को मिलेगा बढ़ावा

SHARE:

Rajnagar : राजनगर प्रखंड के तुमंग पंचायत अंतर्गत ग्राम अंतुसाई (भालकाडीह) में मंगलवार को निजी तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो, ग्राम प्रधान तपन महतो और वार्ड सदस्य बेबी महतो ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की।

बताया गया कि यह तालाब संजय महतो का निजी तालाब है, जिसके जीर्णोद्धार से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ग्रामीणों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, विशेषकर जल संकट से जूझ रहे इलाकों में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब के पुनर्निर्माण से न केवल जल स्तर में सुधार होगा, बल्कि कृषि कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।

मौके पर बिनोद, बलदेव, धर्मेन्द्र, बलराम, मलिन, दैतारी, राजेश, स्वाधीन, शांतिराम, प्रेमचंद, विपिन बिहारी और शंकर महतो समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं की भी सहभागिता रही, जिन्होंने जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन से आने वाले समय में क्षेत्र में जल संकट की समस्या में कमी आएगी और गांव के विकास को नया आयाम मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें