गंगा नारायण सिंह जयंती पर गोपाल मैदान में उमड़ा जनसैलाब, 55 हजार से अधिक लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : लौहनगरी के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 55 हजार से अधिक लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज की गई। कार्यक्रम में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओड़िशा और असम से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे पूरा मैदान पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।


समारोह के दौरान बालिकाओं और कलाकारों ने मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। आयोजन में भूमिज समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और एकजुटता की झलक साफ दिखाई दी।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने वीर शहीद गंगा नारायण सिंह के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर समाज के कई बुद्धिजीवियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि गंगा नारायण सिंह का संघर्ष समाज के स्वाभिमान की पहचान है। उन्होंने कहा कि एक समय उनके इतिहास को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन आज समाज जागरूक होकर अपने महानायक को सम्मान दे रहा है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा पर ध्यान देने और समाज को संगठित रखने की अपील की।


जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि गंगा नारायण सिंह का जीवन संघर्ष और स्वाभिमान की मिसाल है। बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया, जबकि घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने समाज की एकता को सबसे बड़ी ताकत बताया।

समारोह में पूर्व विधायक मेनका सरदार, सीदेश्वर सरदार, हरीश भूमिज, विभीषण सिंह भूमिज, सुदर्शन भूमिज, टाटा स्टील फाउंडेशन के संजय सरदार, शिव शंकर सिंह कांडेयोंग सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

पूरे आयोजन में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया और समाज की एकता व सांस्कृतिक पहचान को मजबूती प्रदान की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.