वर्ल्ड मलेरिया डे पर जागरूकता कार्यक्रम, बचाव के उपाय अपनाने की अपील

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : वर्ल्ड मलेरिया डे के अवसर पर शहर के स्ट्रेट माइल रोड स्थित अग्रवाल क्लिनिक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लोगों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. आर. एल. अग्रवाल ने मलेरिया को एक गंभीर और जानलेवा बीमारी बताते हुए कहा कि यह संक्रमित मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में रुके हुए पानी, कूलर, पुराने टायर, गड्ढों और कचरे में मच्छर तेजी से पनपते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

डॉ. अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्र में जल जमाव न होने दें, नियमित रूप से सफाई रखें और मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें। साथ ही रात में पूरे शरीर को ढककर रखने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम के संयोजक एसआरके कमलेश ने कहा कि मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और दूसरों को भी जागरूक करें।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर. एल. अग्रवाल को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने मलेरिया से बचाव के उपायों को अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.