चांडिल-कांड्रा सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू, गड्ढों की भराई और पानी छिड़काव से लोगों को राहत

SHARE:

Chandil  : लंबे इंतजार के बाद चांडिल-कांड्रा सड़क मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। पिछले दो महीनों से जर्जर और धूल भरी स्थिति से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। प्रशासनिक दबाव और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के बाद संवेदक द्वारा गड्ढों की भराई और नियमित पानी के छिड़काव का कार्य प्रारंभ किया गया है।


चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विकास राय ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया और संवेदक को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जानकारी के अनुसार, सड़क मरम्मत कार्य का एस्टीमेट बढ़ाकर अब लगभग 10.5 करोड़ रुपये कर दिया गया है। संवेदक ने आश्वासन दिया है कि जब तक सड़क पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जाती, तब तक नियमित रूप से पानी का छिड़काव जारी रखा जाएगा, ताकि धूल की समस्या पर नियंत्रण रखा जा सके।


कार्य में हुई देरी को लेकर झामुमो जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू और प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा महतो ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग और संवेदक की लापरवाही के कारण एक वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क का कार्य अधूरा पड़ा रहा।

वहीं, विधायक सविता महतो ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए संवेदक से प्रगति रिपोर्ट ली और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को धूल और उससे होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।


सड़क के समतल होने से जहां दुर्घटनाओं में कमी आएगी, वहीं नियमित पानी छिड़काव से उड़ती धूल पर भी नियंत्रण होगा। इससे राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले दुकानदारों को बड़ी राहत मिलेगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

Leave a Comment