जेवियर स्कूल गम्हरिया में प्राइज नाइट का भव्य आयोजन, 240 छात्र हुए सम्मानित

SHARE:

Gamharia : शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रतिभा को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जेवियर स्कूल, गम्हरिया में सत्र 2025-2026 के लिए भव्य प्राइज नाइट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में 240 विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि टाटा स्टील, गम्हरिया के निलंजन विश्वास, फादर फ्रांसिस एस.जे तथा फादर कुरूविला एस.जे द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर सत्र 2025-2026 में शैक्षणिक उत्कृष्टता (Academic Excellence) और आउटस्टैंडिंग एक्सीलेंस के लिए छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही सत्र 2024-2025 के ICSE एवं ISC बोर्ड के मेधावी छात्रों को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। ICSE में आद्या चौहान को टॉपर के रूप में सम्मान मिला, जबकि ISC में विज्ञान संकाय से ईशा, वाणिज्य से कृष्ट सिंह सरदार और कला संकाय से निशित राज ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

खेलकूद के क्षेत्र में भी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस श्रेणी में शांति टुडू, सुमित हांसदा, ऋषि मिंज और अमित हांसदा को सम्मानित किया गया। वहीं एनसीसी कैडेट के रूप में ऋषभ कपट को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि निलंजन विश्वास ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन और समर्पण के साथ शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुरस्कार छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का प्रतिफल हैं, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर सेबेस्टियन एस.जे ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय पिछले 14 वर्षों से निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यहां के छात्र देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जो शिक्षकों के समर्पण और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का परिणाम है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजन की सफलता में उप-प्रधानाचार्य सिस्टर निवेदिता, सिस्टर दीपिका, प्रशासक ब्रदर अमलराज तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment