बीए कॉलेज में प्लेसमेंट ड्राइव: हाई टेक्नेक्स्ट टेलीकॉम ने 15 छात्रों का किया चयन

SHARE:

Adityapur : बी.ए. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शनिवार को एक सफल प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया, जिसमें संचार क्षेत्र की अग्रणी कंपनी हाई टेक्नेक्स्ट टेलीकॉम एंड इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड ने भाग लिया। इस भर्ती अभियान में बीटेक और डिप्लोमा के कुल 15 छात्रों का चयन किया गया।

कॉलेज परिसर में आयोजित इस ड्राइव में कंपनी ने लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। चयनित छात्रों में बीटेक के 13 और डिप्लोमा (मैकेनिकल) के 2 छात्र शामिल हैं। बीटेक के चयनित छात्रों में कंप्यूटर साइंस (CSC) से 5, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स (EEE) से 3, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन (ECE) से 3 और मैकेनिकल शाखा से 2 छात्र शामिल हैं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

जानकारी के अनुसार, चयनित छात्र जुलाई 2026 से कंपनी में ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी (GET) और डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी (DET) के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उन्हें 3.6 लाख से 4.2 लाख रुपये प्रति वर्ष के पैकेज पर नियुक्त किया जाएगा तथा एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें पैन इंडिया स्तर पर विभिन्न परियोजनाओं में तैनात किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि हाई टेक्नेक्स्ट टेलीकॉम एंड इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड, दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों जैसे इंडस टावर्स, रिलायंस जियो और वोडाफोन जैसी संस्थाओं को तकनीकी सहयोग प्रदान करती है, जिससे छात्रों को उद्योग के बड़े प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिलेगा।

छात्रों की इस सफलता पर कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एस.के. सिंह, प्राचार्य डॉ. संजय कुमार राय, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी (TPO) राहुल सिंह तथा सभी विभागाध्यक्षों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment