मेघाहातुबुरु में यूनियन-सेल प्रबंधन वार्ता सफल, मजदूर हितों से जुड़े कई मुद्दों पर बनी सहमति

SHARE:

Guaa : पश्चिम सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु में मजदूर हितों एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन और सेल (SAIL) प्रबंधन के बीच जनरल ऑफिस सभागार में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। कई घंटों तक चली इस बैठक में कर्मचारियों की सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और कार्यस्थल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान यूनियन ने मजदूरों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसमें 12 सीटर एसी एम्बुलेंस की व्यवस्था, रेफरल के दौरान वाहन किराया उपलब्ध कराने, अपोलो रेफरल के लिए संशोधित किराया लागू करने, मेघाहातुबुरु मेडिकल डिस्पेंसरी में स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति तथा फिजियोथेरेपी सुविधा शुरू करने जैसे अहम मुद्दे शामिल रहे। इसके साथ ही जोड़ा रेफरल में भी वाहन किराया देने की मांग रखी गई।

सीएसआर के तहत रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए यूनियन ने मुखिया के साथ-साथ उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों को भी साइनिंग अथॉरिटी देने की मांग की, ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके।

वहीं “समान काम के लिए समान वेतन” और विभिन्न विभागों में एक समान अटेंडेंस प्रणाली लागू करने का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। यूनियन ने विशेष रूप से माइनिंग एवं जूलॉजिकल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए समान उपस्थिति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

लंबी चर्चा के बाद यूनियन और प्रबंधन के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बन गई, जिससे कर्मचारियों में संतोष का माहौल देखा गया।

बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से सीजीएम एस.के. सिंह, अमित बिस्वास एवं धीरेन्द्र मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं यूनियन की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, अफताब आलम, इंतेकाब आलम, कांता प्रसाद, एस. गिल, पी. नायक, महाराज रावत, सोमनाथ साहु, गुरप्रीत सिंह, कमल रजक, टी. मेहमूद, राज नारायण शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

Leave a Comment