राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मुख्य कार्यक्रम स्थल भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम की साफ-सफाई, समतलीकरण, पेयजल, अस्थायी शौचालय, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा एवं अग्निशमन व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव 2026 का आयोजन 11 से 13 अप्रैल तक किया जाएगा, जिसमें राज्य सहित अन्य प्रदेशों से कलाकार भाग लेंगे। उनके आवागमन, आवासन और सुरक्षा को लेकर भी विशेष तैयारी करने को कहा गया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए और पद्मश्री सम्मानित कलाकारों सहित सभी कला दलों को सम्मानित किया जाए। साथ ही छऊ नृत्य की पारंपरिक धार्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने पर जोर दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ड्रोन से निगरानी, यातायात प्रबंधन दुरुस्त रखने तथा रात्रिकालीन कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करने, संकेतक बोर्ड लगाने और आवागमन मार्गों को व्यवस्थित करने पर भी बल दिया गया। साथ ही महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न संचार माध्यमों के उपयोग के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि छऊ महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है, इसलिए इसके आयोजन में गुणवत्ता, सुरक्षा और सुव्यवस्था के उच्च मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.