“युवा” के तत्वावधान में तीन दिवसीय जेंडर एवं मैस्क्युलिनिटी प्रशिक्षण संपन्न

SHARE:

Jamshedpur : सामाजिक संस्था “युवा” (Youth Unity for Voluntary Action) के तत्वावधान में तथा Girls First Fund के सहयोग से 30 मार्च से 1 अप्रैल तक समेकित जन विकास केंद्र, सुंदरनगर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य विषय “जेंडर एवं मैस्क्युलिनिटी” रहा, जिसमें पोटका प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए 30 किशोरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरों को जेंडर की गहरी समझ प्रदान करना, मर्दानगी की पारंपरिक धारणाओं को चुनौती देना तथा समाज में व्याप्त विषैली मर्दानगी के प्रभावों को पहचानते हुए सकारात्मक बदलाव की दिशा में सोच विकसित करना था। मुख्य प्रशिक्षक के रूप में नसरीन जमाल उपस्थित रहीं, जिन्होंने अपने अनुभव और सहज संवाद शैली से प्रतिभागियों को विषय से गहराई से जोड़ा।

कार्यक्रम का संचालन परियोजना समन्वयक चाँदमनी द्वारा किया गया। उन्होंने सरल, संवादात्मक और सहभागितापूर्ण शैली में जेंडर की परिभाषा, जेंडर पहचान, सामाजिक भूमिकाएं तथा उनसे जुड़ी रूढ़ियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चा और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने और विषय को गहराई से समझने का अवसर मिला।

प्रशिक्षण के दौरान किशोरों ने जाना कि सकारात्मक मर्दानगी सहयोग, संवेदनशीलता और समानता को बढ़ावा देती है, जबकि विषैली मर्दानगी हिंसा, भेदभाव और असमानता को जन्म देती है। पितृसत्तात्मक व्यवस्था की जटिलताओं और उसके किशोरों के जीवन व सोच पर पड़ने वाले प्रभावों पर भी विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों के भीतर नई सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

इस प्रशिक्षण को सफल बनाने में युवा की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती, परियोजना समन्वयक चाँदमनी सवैयाँ, रीला सरदार, अवंती सरदार, अरूप मंडल और कापरा मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment