मानगो के जाकिर नगर में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, एक लाख आबादी को मिलेगा सीधा लाभ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य समिति के तहत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जाकिर नगर रोड नंबर-18, मानगो का मंगलवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान तथा सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि ओल्ड पुरुलिया रोड और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य संस्थान नहीं होने के कारण लोगों को सामान्य उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल और सदर अस्पताल, खासमहल जाना पड़ता था। नए स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र की लगभग एक लाख आबादी को घर के निकट ही सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र से सटे होने के कारण सरायकेला-खरसावां जिले के लोगों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि केंद्र में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा प्रत्येक गुरुवार एवं शनिवार को बच्चों के टीकाकरण की सुविधा दी जाएगी। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत परामर्श एवं अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार, एएनसी (गर्भवती महिलाओं की जांच), आवश्यक पैथोलॉजिकल जांच, दवाओं का वितरण तथा रेफरल सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

स्वास्थ्य प्रबंधक सुमन मंडल ने बताया कि केंद्र में प्रत्येक बुधवार को एफडीएस (फिक्स्ड डे सर्विस) दिवस आयोजित किया जाएगा। वहीं प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को ‘बुजुर्ग दिवस’ मनाकर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और विशेष परामर्श की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम में विधायक सरयू राय ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र स्थानीय लोगों को समयबद्ध, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन समारोह में एसीएमओ डॉ. अजय कुमार सिन्हा, डीटीओ डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, डीएलओ सह डीएमओ डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, स्वास्थ्य प्रबंधक सुमन मंडल, प्रदीप कुमार महतो, दीपक कुमार, पीएसआई से डॉ. खुशबू कुमारी, अमित झा, राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से मानगो और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अब दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच और बेहतर होने की उम्मीद है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें