Chaibasa : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), चाईबासा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर एवं सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में चल रहे 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को महिला थाना चाईबासा में विश्व पर्यावरण दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला थाना प्रभारी शीला मिंज द्वारा आम का पौधा लगाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति मानव जीवन की सबसे बड़ी धरोहर है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।
थाना प्रभारी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान डालसा के अधिकार मित्र (पीएलवी) सूरज कुमार ठाकुर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “एक पेड़ लगाएं, हजारों जीवन बचाएं। जल बचाएं, भविष्य बचाएं।” उन्होंने स्वस्थ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
वहीं, पीएलवी अलकमा रूही ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ और पर्यावरण को स्वच्छ बनाओ।” कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित रूप से पौधारोपण करने की प्रेरणा दी गई।
पीएलवी संगीता देवी ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ हुआ।








