Adityapur : खरकाई नदी पर बने पुल से एक महिला के नदी में छलांग लगाने की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला नदी के तेज बहाव में बहती हुई कुछ दूर तक दिखाई दी, जिसके बाद वह आंखों से ओझल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष या उससे अधिक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि महिला पुल पर अकेले पहुंची थी। वह रेलिंग के पास गई, अपनी चप्पलें उतारीं और मोबाइल फोन फेंकने के बाद अचानक उफनती खरकाई नदी में छलांग लगा दी।
आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते या महिला को रोकने की कोशिश करते, तब तक वह नदी की तेज धार में समा चुकी थी। घटना के तुरंत बाद लोगों ने शोर मचाया और पुल से गुजर रहे राहगीरों ने महिला को नदी में बहते हुए देखा। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन नदी का बहाव काफी तेज होने के कारण महिला कुछ ही देर में दिखाई देना बंद हो गई।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। महिला की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस महिला की पहचान और नदी में छलांग लगाने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
















