आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 7:09 बजे भाटिया बस्ती स्थित नायक होटल के समीप बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़िता की पहचान बबिता देवी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब लोग कार्यालय और स्कूल जाने के लिए घरों से निकल रहे थे। तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे दो बदमाश कुछ ही सेकंड में महिला के गले से चेन छीनकर भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से निकल चुके थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 15 से 20 दिनों के दौरान आदित्यपुर क्षेत्र में लूट, छिनतई, चापड़बाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे सुबह टहलने निकलने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों में भय का माहौल है।
भाटिया बस्ती निवासी राजेश महतो ने कहा कि सुबह के समय जब लोग अपने काम पर निकल रहे हों, उस समय इस तरह की घटना होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त की कमी का भी आरोप लगाया।
एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे और प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पुलिस ने आसपास के प्रतिष्ठानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर के संवेदनशील इलाकों में सुबह और शाम के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा रात्रि पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बढ़ते अपराधों पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई ही आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बहाल कर सकती है।

















