Jamshedpur : सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय राहुल कारवा के इलाज में मुखी समाज झारखंड प्रदेश ने मानवीय पहल करते हुए उसके परिवार को आर्थिक राहत पहुंचाई। समाज के प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण और जिला अध्यक्ष संजय मुखी के प्रयास से टीएमएच में राहुल के इलाज का बकाया 11,898 रुपये जमा कराया गया।
जानकारी के अनुसार, मऊभंडार की हरिजन बस्ती निवासी राहुल 31 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे घाटशिला में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था। हादसे में गंभीर चोटें आने के बाद उसे तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में इलाज का कुल बिल 17,519 रुपये हुआ था। परिवार ने अपनी ओर से 5,621 रुपये जमा कर दिए थे, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शेष 11,898 रुपये चुकाना मुश्किल हो रहा था।
परिवार की आर्थिक परेशानी की जानकारी मिलने पर मुखी समाज झारखंड प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण और जिला अध्यक्ष संजय मुखी ने पहल की। दोनों पदाधिकारियों ने अस्पताल का बकाया 11,898 रुपये जमा कराकर परिवार को बड़ी राहत दिलाई।
मुखी समाज की इस मानवीय पहल की घायल राहुल के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सराहना की। इस अवसर पर अरविंद मुखी, मनोज कारवा सहित मुखी समाज झारखंड प्रदेश के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।















