सेल आवास पर देवर के कब्जे का आरोप, कच्चा मकान ढहने के बाद चार बेटियों संग खुले में रहने को मजबूर महिला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : गुवा सेवा नगर निवासी संतोषी करुवा ने अपने देवर गुरुचरण करुवा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर गुवा थाना में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने सेल प्रबंधन द्वारा उनके नाम आवंटित आवास पर देवर द्वारा कथित रूप से कब्जा किए जाने का आरोप लगाया है।

संतोषी करुवा के अनुसार, वह गुवा सेल में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत हैं। सेल प्रबंधन की ओर से उन्हें सेवा नगर स्थित सी-टाइप आवास, क्वार्टर संख्या बीसी-97 आवंटित किया गया था। उनका कहना है कि वह अपनी चार बेटियों के साथ पति द्वारा बनाए गए कच्चे मकान में रह रही थीं। लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मिट्टी का मकान पूरी तरह ढह गया, जिसके बाद से उन्हें चार बेटियों के साथ खुले आसमान के नीचे तिरपाल लगाकर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके नाम आवंटित सेल क्वार्टर पर उनके देवर गुरुचरण करुवा ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है। उनका कहना है कि कई बार आवास खाली करने का आग्रह करने के बावजूद अब तक क्वार्टर खाली नहीं किया गया। इस संबंध में उन्होंने सेल प्रबंधन को भी लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

संतोषी करुवा के अनुसार, करीब पांच माह पहले भी उन्होंने आवास खाली कराने को लेकर गुवा थाना में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को भी इस मामले में लिखित शिकायत दी गई थी, बावजूद इसके कार्रवाई नहीं हुई।

महिला ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उनके नाम आवंटित सेल क्वार्टर को खाली कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और ऐसी स्थिति में चार बेटियों के साथ खुले में रहने में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें