यूसील के खिलाफ 18 गांवों का प्रदर्शन, हटाए गए ठेका कर्मियों की बहाली की मांग तेज

SHARE:

Jadugoda : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) की तुरामडीह यूरेनियम परियोजना में 10 विस्थापित एवं प्रभावित ठेका कर्मियों को काम से हटाए जाने के विरोध में सोमवार देर शाम ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। 18 गांवों के ग्रामीणों ने बैठक कर यूसील प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और तत्काल पुनः नियोजन की मांग उठाई।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि हटाए गए कर्मियों को शीघ्र बहाल नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

झामुमो के पूर्व जिला पार्षद बाघराय मार्डी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विस्थापित एवं प्रभावित परिवार शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने यूसील प्रबंधन पर स्थानीय लोगों की उपेक्षा करने और मनमानी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

ग्रामीणों ने कहा कि जिन लोगों ने परियोजना के लिए अपनी जमीन दी, आज वही परिवार रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विस्थापितों और प्रभावितों को रोजगार देने के बजाय बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान नियोजन प्रक्रिया में दलालों की सक्रियता और ठेका कर्मियों के वेतन से अवैध वसूली का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप था कि मजदूरों से प्रतिदिन अवैध रूप से पैसे वसूले जाते हैं और विरोध करने वालों को काम से हटाने की धमकी दी जाती है।

ग्रामीणों ने मांग की कि जीरो किलोमीटर क्षेत्र के विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही हटाए गए सभी ठेका कर्मियों को तत्काल काम पर वापस लिया जाए।

इस मौके पर बाघराय मार्डी ने कहा कि विस्थापित परिवारों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि यूसील प्रबंधन ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो ग्रामीण व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में आंदोलन को लेकर हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यूसील प्रबंधन के खिलाफ बड़े जनआंदोलन की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment