आनंदपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की अवैध साल लकड़ी और ट्रैक्टर जब्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur :  पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार रुपये मूल्य की साल लकड़ी जब्त की है। गुरुवार देर रात आनंदपुर रेंज की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मेरमेंडा से गुड़ी जाने वाली मुख्य सड़क पर छापेमारी कर 10 पीस अवैध साल लकड़ी (बोटा) और लकड़ियों से लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया।

जानकारी के अनुसार, तस्कर रात के अंधेरे में ट्रैक्टर के माध्यम से लकड़ियों की ढुलाई की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

वन विभाग ने जब्त लकड़ियों और ट्रैक्टर को अपने परिसर में सुरक्षित रखा है। विभागीय अधिकारियों ने ट्रैक्टर मालिक समेत अन्य तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पोड़ाहाट वन प्रमंडल क्षेत्र में लगातार सामने आ रही अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों की अंधाधुंध कटाई से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

वहीं, घटना गुरुवार रात की होने के बावजूद मामले को सार्वजनिक करने में हुई देरी को लेकर भी क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से अवैध कटाई और तस्करी पर सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.