गम्हरिया में “वात्सल्य बालिका गृह” का उद्घाटन, अब जिले में ही मिलेगा संरक्षण और देखभाल

SHARE:

Adityapur  : प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया में मिशन वात्सल्य के तहत “वात्सल्य बालिका गृह” का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त Nitish Kumar Singh द्वारा फीता काटकर किया गया। इस पहल से अब जिले की जरूरतमंद बालिकाओं को सुरक्षित आवास और समुचित देखभाल स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।



उद्घाटन के पश्चात उपायुक्त ने केंद्र भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बालिका गृह में रह रही बच्चियों के बीच अंगवस्त्र एवं दैनिक उपयोग की सामग्री से युक्त बैग का वितरण भी किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाली बालिकाओं को सुरक्षित, संरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिले में बालिका गृह नहीं होने के कारण बच्चियों को अन्य जिलों में भेजना पड़ता था, जिससे समन्वय और सुविधाओं के क्रियान्वयन में कठिनाइयाँ आती थीं। अब इस केंद्र के शुरू होने से सभी आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।



इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (District Legal Services Authority) के सचिव तौसीफ मिराज ने कहा कि इस पहल से बालिकाओं को सुरक्षित आवास, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श और कानूनी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय ने केंद्र के संचालन, उद्देश्य एवं बालिकाओं को दी जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर जिला योजना पदाधिकारी सोनी कुमारी, कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न अधिकारी, बाल कल्याण समिति, चाइल्डलाइन के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment