गोविंदपुर और टेल्को में श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया गया वट सावित्री व्रत

SHARE:

Jamshedpur : जमशेदपुर के गोविंदपुर और टेल्को क्षेत्र में शनिवार को वट सावित्री पूजा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। अखंड सौभाग्य एवं पति की लंबी आयु की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने विधि-विधान से व्रत रखकर बरगद वृक्ष की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों, नदी घाटों और पूजा स्थलों पर महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर पूजा सामग्री के साथ बरगद वृक्ष के पास पहुंचीं और पूजा के दौरान वट सावित्री कथा का श्रवण किया। इसके बाद महिलाओं ने बरगद वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा धागा बांधा तथा पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।

गोविंदपुर और टेल्को के विभिन्न मंदिरों एवं पूजा स्थलों में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। पूजा को लेकर क्षेत्र में विशेष चहल-पहल देखी गई। वहीं बाजारों में भी काफी रौनक रही। फल, पूजन सामग्री, साड़ी, चूड़ी, सिंदूर और अन्य सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही।

कई सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। महिलाओं ने बताया कि वट सावित्री व्रत भारतीय संस्कृति और वैवाहिक जीवन की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने तप, त्याग और अटूट संकल्प से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। इसी परंपरा और विश्वास के साथ सुहागिन महिलाएं यह व्रत रखती हैं।

पूरे दिन गोविंदपुर और टेल्को क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा मंदिरों और पूजा स्थलों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही ।

Leave a Comment