एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत एनआईएनएल ने मनाया 77वाँ वन महोत्सव, 250 से अधिक लोगों ने लिया भाग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सुंदरगढ़। नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईएनएल) की आयरन ओर माइंस द्वारा सुंदरगढ़ जिले के कोइड़ा प्रखंड अंतर्गत पाटमुंडा ग्राम पंचायत के पटुली स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, वनीकरण अभियान को गति देना तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने पूरे गांव में पर्यावरण जागरूकता रैली निकालकर लोगों को प्रकृति संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

मुख्य अतिथि बोनाई के प्रभागीय वन अधिकारी जशबंत सेठी ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। वहीं, विशिष्ट अतिथि सहायक वन संरक्षक दुर्योधन जेराई ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण विषय पर आयोजित पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही वन संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानीय नागरिकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर एनआईएनएल के हेड पंकज कुमार, पूर्व सरपंच अबिनाश सुमन बागे, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी, ग्रामीण एवं अन्य हितधारकों सहित 250 से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से हरित, स्वच्छ और सतत भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास का संदेश दिया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.