Manoharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा और आनंदपुर प्रखंड को जोड़ने वाला समीज गांव स्थित कोयल नदी पुल जर्जर हालत में पहुंच गया है। पुल का एक पिलर धंसने, कई स्थानों पर रेलिंग एवं गार्ड गर्डर टूटने तथा कंक्रीट उखड़ने से लोहे की सरिया बाहर निकल आने के कारण इसकी मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
करीब 13 वर्षों की लंबी प्रक्रिया के बाद वर्ष 2016 में निर्मित यह पुल गोईलकेरा और आनंदपुर प्रखंड के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, छात्र, मरीज, व्यापारी और अन्य वाहन इसी पुल से होकर गुजरते हैं। ऐसे में पुल की बदहाल स्थिति लोगों की चिंता का कारण बन गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों से गुजरते समय दुर्घटना का डर बना रहता है। उनका आरोप है कि पुल के रखरखाव और समय पर मरम्मत नहीं होने से इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई है, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराने, सुरक्षा की दृष्टि से भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाने तथा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

















