गुवा। गुवा स्थित कारो कुंज–1 के कारो उद्यान मैदान में आयोजित 19वें नॉकआउट राइवल कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आज भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पंचायत समिति सदस्य भादो टोप्पो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और युवाओं को नशा व गलत संगत से दूर रखकर खेल के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
क्रिकेट को जीवित रखने की पहल
राइवल क्लब द्वारा यह टूर्नामेंट गुवा क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति खेल भावना को जीवित रखने और स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर देने के उद्देश्य से हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
उद्घाटन मुकाबले में जीसीए की जीत
उद्घाटन मैच जीसीए और कल्याण नगर की टीमों के बीच खेला गया। जीसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 156 रन का मजबूत लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए कल्याण नगर की टीम पूरे ओवर खेलकर मात्र 111 रन ही बना सकी।
इस तरह जीसीए ने यह मुकाबला 44 रनों से जीतकर प्रतियोगिता के अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली।
आयोजन में क्लब पदाधिकारियों की सहभागिता
इस अवसर पर राइवल क्लब के अध्यक्ष विजय कुमार दास, सचिव अजय लकड़ा, कोषाध्यक्ष विक्की सिंह सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने का संकल्प लिया।









