Jamshedpur : शहर में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरसानगर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन मुंडा उर्फ गुंडा, विकास दास और आकाश दास के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
सिटी एसपी के अनुसार, 22 अक्टूबर की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसानगर के जोन नंबर-3 स्थित सृष्टि गार्डेन के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान रोशन मुंडा ने आदित्यपुर से ब्राउन शुगर लाकर बिरसानगर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस अब मादक पदार्थों की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में बिरसानगर थाना कांड संख्या 71/2026 के तहत 22 अक्टूबर को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पहले भी चोरी तथा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















