पिस्टल सहित लूटा गया नकदी व जेवरात बरामद, एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी

साहिबगंज: नगर थाना क्षेत्र के तालबन्ना निवासी फल व्यापारी विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता हत्याकांड का सोमवार को पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर दिया है। जहां पुलिस ने इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी उसके चचेरे पोता आईआरबी 8 के जवान सुमित कुमार गुप्ता पिता राजेश गुप्ता के साथ उसके 2 अन्य सहयोगी आरोपी दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के हटिया टोला निवासी साइबर अपराधी सोहित कुमार साउत पिता कार्तिक साउत व बिहार के मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के टपुआ टोला निवासी आईआरबी 8 के जवान अमन कुमार जयसवाल को भी गिरफ्तार कर लूटा गया एक लाख 24 हजार रुपए नगद, जिंदा गोली 4 पीस, लुटा गया 2 पीस मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी 2 पीस, सोने का चैन 1 पीस, सोने का मंगलसूत्र 1 पीस, मृतक का पासबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, साइबर अपराधी का 5 मोबाइल फोन एवं आरोपियों का 2 पीस मोबाइल फोन भी बरामद किया है। वही गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से मालगोदाम के पास से गड़ा हुआ एक पिस्टल भी बरामद किया है। जहां सोमवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में एसपी अमित कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बीते दिनों 1 दिसंबर 2025 की रात नगर थाना क्षेत्र के तालबन्ना मोहल्ले में हुए इस हत्याकांड की सूचना परिजनों ने 2 दिसंबर की सुबह नगर थाना क्षेत्र की पुलिस को दी थी। जहां पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद मृतक की पुत्री ज्योति कुमारी गुप्ता के फर्द बयान के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 196/25 दर्ज कर उनके निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने मामले का अनुसंधान शुरू किया था। जिसमें पता चला कि विश्वनाथ गुप्ता तालबन्ना स्थित मकान के अपने हिस्से के दूसरे तल्ले पर अकेले रहते थे। उधर पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से दुमका के जरमुंडी निवासी साइबर अपराधी सोहित कुमार राउत को उसके घर से दबोच लिया। जहां उससे पूछताछ में पता चला कि सुमित कुमार गुप्ता ने विश्वनाथ गुप्ता की हत्या कर वहां से लूटे गए दो मोबाइल फोन, बैंक से संबंधित दस्तावेज व एटीएम कार्ड उसे उपलब्ध कराया था और उससे कहा था थी इसमें काफी पैसा है, जिसकी निकासी करना है। इसमें से उसे भी हिस्सा मिलेगा जिसके बाद तालबन्ना निवासी सुमित कुमार गुप्ता को हिरासत में ले लिया गया। जहां पुलिसिया पूछताछ में सुमित ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि आईआरबी 8 के जवान अमन कुमार जयसवाल के साथ उसने मिलकर अपने चचेरे दादा विश्वनाथ गुप्ता के यहां लूटपाट करते हुए उसकी हत्या कर दी। वही आरोपी सुमित कुमार गुप्ता वर्ष 2019 में आईआरबी 8 में सिपाही के पद पर बहाल हुआ है जहां वर्तमान में लातेहार जिला के चंदवा थाना अंतर्गत बोदा पिकेट में उसकी प्रतिनियुक्ति हैं। वही आरोपी सुमित कुमार गुप्ता का आरक्षी संख्या 147 है। जहां सुमित कुमार गुप्ता दमन नामक ऑनलाइन गेम खेलने के काफी शौकीन हैं जिसके चलते उनके ऊपर लगभग 50 लाख रुपए का कर्ज हो चुका है। उधर करीब 6 माह पूर्व सुमित कुमार गुप्ता के परिवार में कहलगांव की पैतृक संपत्ति की बिक्री हुई थी जिसमें विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता को काफी पैसा मिला था। आगे एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुमित कुमार गुप्ता के द्वारा सोहित कुमार साउत को बैंक दस्तावेज व एटीएम देने के बाद साइबर अपराधी सोहित कुमार साउत ने मृतक के बैंक खाते से पैसा निकालने का हर संभव प्रयास किया लेकिन पुलिस ने मृतक के सभी खातों को बंद करा देने के चलते इसमें उसे सफलता नहीं मिली। वही सोहित की निशानदेही पर मृतक विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता के बैंक के दस्तावेज व मोबाइल बरामद कर लिया गया है। जहां मुख्य सुमित कुमार गुप्ता व उसके सहयोगी अमन कुमार जयसवाल की निशानदेही पर लूटा गया जेवर व पैसा अमन के मधेपुरा स्थित घर व ससुराल से बरामद कर लिया गया है। जबकि घटना में प्रयुक्त पिस्तौल को बरामद करने को लेकर नगर थाना में अलग से कांड संख्या 197/25 दर्ज कर लिया गया है। इस छापेमारी दल में मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा, सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की, राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, प्रशिक्षु डीएसपी रूपक कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, गंगा नदी थाना प्रभारी लव कुमार, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय, एसआई प्रकाश रंजन, आफताब अंसारी, मुरली मनोहर सिंह, तकनीकी शाखा की टीम, आरक्षी संख्या 16 रवि शंकर सिंह व अन्य पुलिस जवान शामिल थे।
सुमित कुमार गुप्ता की थी साइबर अपराधी से पुरानी जान पहचान
जहां इस हत्याकांड मामले में शामिल मुख्य आरोपी सुमित कुमार गुप्ता का साइबर अपराधी सोहित कुमार साउत से पुरानी जान पहचान होने की बात सामने आई है। जहां सुमित कुमार गुप्ता ने अपने चचेरे दादा विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता के बैंक खाते में जमे रुपयों को हड़पने की मंशा लेकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
दमन नामक गेम खेलने का था मुख्य आरोपी शौकिन
उधर मुख्य आरोपी सुमित कुमार गुप्ता दमन नामक गेम खेलने का शौकिन बताया जा रहा है जहां इस गेम की बुरी लत के कारण वो लाखों रुपए का कर्जदार हो गया था और इसी कर्ज के बोझ को कम करने के लिए उसने अपने आईआरबी 8 के जवान अमन कुमार जयसवाल के साथ पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया है। उधर साहिबगंज पुलिस ने दोनों आईआरबी 8 के जवान सुमित कुमार गुप्ता व अमन कुमार जयसवाल के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने के लिए आईआरबी 8 के मुख्यालय गोड्डा व पुलिस मुख्यालय रांची को अपनी रिपोर्ट भेज दी है जहां दोनों आईआरबी 8 के जवानों को निलंबित करने की प्रकिया शुरू की जाएगी।









