टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में फ्रेंडशिप डे पर प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण का संदेश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur :  फ्रेंडशिप डे के अवसर पर टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में रविवार को एक अनूठे एवं सार्थक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मानव, वन्यजीव और प्रकृति के बीच मित्रता के भाव को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतीकात्मक रूप से चयनित पेड़ों और पशु बाड़ों पर फ्रेंडशिप बैंड बांधकर वन्यजीवों एवं प्रकृति के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पेड़-पौधे और वन्यजीव केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे सहचर हैं, जिनके प्रति प्रेम, सम्मान और संरक्षण का भाव होना चाहिए।

यह कार्यक्रम चिड़ियाघर के वर्ल्ड ऑफ पैरट्स परिसर के निकट आयोजित किया गया, जहां प्रतिभागियों ने जू एजुकेटर्स के साथ संवाद कर जैव विविधता संरक्षण तथा वन्यजीवों के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व के महत्व को समझा।

इस अवसर पर शिक्षा पदाधिकारी डॉ. सीमा रानी ने कहा कि सच्ची मित्रता केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी जीवों और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी इसका अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वनों का संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और जैव विविधता का संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और सतत भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारी रजनीश कुमार की उपस्थिति रही, जो अपने परिवार के साथ टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क भ्रमण पर आए थे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और प्रकृति एवं वन्यजीवों के साथ मित्रता का संदेश देने वाली इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के बीच फ्रेंडशिप बैंड एवं नाश्ता वितरण के साथ हुआ। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने इस आयोजन के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों और प्रकृति के बीच संबंधों को और सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.