Adityapur : आगामी छठ महापर्व एवं दीपावली को देखते हुए आदित्यपुर थाना पुलिस ने अवैध बालू के उठाव और भंडारण के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को पुलिस ने खरकई नदी के विभिन्न घाटों पर छापेमारी कर लावारिस हालत में रखी करीब 200 से 300 बोरी बालू बरामद की।
चार स्थानों पर मिले बालू से भरे बोरे
पुलिस के अनुसार, आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा, सालडीह बस्ती, जयप्रकाश उद्यान और राम मढ़ैया बस्ती के समीप खरकई नदी किनारे बालू से भरी बोरियां मिलीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नदी से बालू निकालकर बोरियों में भरने के बाद वहां छोड़ दिया गया था।
नदी घाट पर ही बिखेर दी गई बालू
पुलिस ने सभी बोरियों से बालू निकालकर नदी घाट पर ही बिखेर दिया, ताकि अवैध रूप से बालू का संग्रह और परिवहन नहीं किया जा सके।
दोपहिया और साइकिल से बालू उठाव करने वालों पर नजर
थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में दोपहिया वाहनों और साइकिल के माध्यम से अवैध रूप से बालू उठाव करने वाले लोगों पर पिछले कुछ दिनों से लगातार नजर रखी जा रही है। सपड़ा, सालडीह बस्ती, राम मढ़ैया बस्ती और जयप्रकाश उद्यान के आसपास के नदी घाटों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू उठाव और भंडारण पर रोक लगाने के लिए आगे भी निगरानी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

















