Adityapur : Saraikela-Kharsawan जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत आरुवा पंचायत के जोड़ासारजम गांव में 22 अप्रैल 2026 को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी Jal Jeevan Mission के तहत “सुजल स्वच्छ संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं लाभ की जानकारी साझा करना था। इस दौरान नल-जल आपूर्ति, जल गुणवत्ता, संचालन एवं रख-रखाव, सामुदायिक सहभागिता तथा जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव एवं फीडबैक भी प्राप्त किए गए, ताकि भविष्य में योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर उपायुक्त Nitish Kumar Singh वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, योजनाओं के सतत संचालन एवं रख-रखाव में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने तथा गुणवत्ता मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, कुचाई के प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया, जल सहिया, आंगनवाड़ी सेविका, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।











