सिदगोड़ा पोबीर मैदान में सब्जी मंडी पर रोक से 300 परिवारों पर संकट, विधायक पूर्णिमा साहू ने दिया राहत का भरोसा

SHARE:

Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित पोबीर मैदान में वर्षों से लगने वाली सब्जी मंडी पर रोक लगाए जाने के बाद करीब 300 गरीब दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पिछले 10 दिनों से टाटा स्टील सिक्योरिटी और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) की कार्रवाई के कारण सब्जी विक्रेताओं को मैदान में दुकान लगाने से रोका जा रहा था, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो गई।

स्थानीय सब्जी विक्रेताओं का आरोप है कि पोबीर मैदान में लंबे समय से नियमित रूप से सब्जी बाजार लगता आ रहा है, लेकिन हाल के दिनों में अधिकारियों द्वारा उन्हें वहां दुकान लगाने से मना किया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि दुकान लगाने पर सामान जब्त करने और जुर्माना लगाने की चेतावनी दी जा रही थी।

एक सब्जी विक्रेता ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि मैदान ही उनकी आजीविका का मुख्य केंद्र है और यहां ग्राहक आसानी से पहुंचते हैं। मंडी बंद होने से कई परिवारों के सामने भोजन तक का संकट उत्पन्न हो गया है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गुरुवार को सब्जी विक्रेताओं से मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि वे पोबीर मैदान में पूर्व की तरह अपनी दुकानें लगा सकते हैं। विधायक ने कहा कि गरीब दुकानदारों की आजीविका प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

हालांकि विधायक ने दुकानदारों से साफ-सफाई बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बाजार समाप्त होने के बाद परिसर को स्वच्छ रखें और कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि प्रशासन को किसी प्रकार की शिकायत का अवसर न मिले।

विधायक के आश्वासन के बाद दुकानदारों में राहत और उम्मीद का माहौल है। सब्जी विक्रेता संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे साफ-सफाई और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखते हुए अपना व्यवसाय करेंगे।

दुकानदारों ने इस दौरान स्थानीय दुर्गा पूजा कमेटी के सहयोग की भी सराहना की। उनका कहना था कि कमेटी ने शुरू से ही गरीब दुकानदारों के हित में सहयोग किया और मंडी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment