नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने जुस्को, जेबीवीएनएल व जेआरडीसीएल को दिए स्पष्ट निर्देश, तय समय में काम पूरा करने पर जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था, सड़क एवं नाली से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने जेबीवीएनएल, जेआरडीसीएल और जुस्को के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की।

बैठक में पाया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में स्वीकृत नक्शे के आधार पर जुस्को द्वारा किए जा रहे विद्युत आपूर्ति कार्य की प्रगति मात्र 20-25 प्रतिशत है, जिस पर नगर अध्यक्ष ने गहरी चिंता जताते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने नए विद्युत कनेक्शन के लिए प्राप्त आवेदनों को चेकलिस्ट के आधार पर अधिकतम एक सप्ताह के भीतर स्वीकृत करने, ट्रांसमिशन लाइन व पोल लगाने से पूर्व नगर पंचायत को सूचना देने तथा कनीय अभियंता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा।

जल कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ताओं से ली जा रही अधिक राशि पर भी नाराजगी जताते हुए आकलन राशि की समीक्षा कर इसे कम करने का निर्देश दिया गया।

जेबीवीएनएल को निर्देश दिया गया कि यदि एक घंटे से अधिक समय तक बिजली बाधित रहती है तो संबंधित स्थान पर जम्फर कटवाकर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सुबह 10 से 1 बजे, दोपहर 2 से 5 बजे और शाम 6 से 9 बजे तक बिजली कटौती नहीं करने के निर्देश दिए गए।

नगर के सिद्धो-कान्हू पार्क, टाउन हॉल, पाठागार रोड और धर्मशाला रोड सहित अन्य स्थानों पर झूल रहे विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के लिए ट्रे लगाने को कहा गया।

वहीं जेआरडीसीएल को आगामी महोत्सव को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत और विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर नाली सफाई और स्ट्रीट लाइट मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जुस्को के सुमित कुमार, स्वरूप महंता, निर्मल कर्मकार, शिवेंदु कुमार, राजीव शर्मा, जेबीवीएनएल के सहायक अभियंता संजय सवैया, कनीय अभियंता कुनाल प्रजापति तथा जेआरडीसीएल के नवीन तिवारी समेत नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें