पश्चिमी विधायक सरयू राय ने विधानसभा का किया दौरा, अव्यवस्था देख बिफरे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को भारी बारिश के बीच पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया और कई जगहों पर बदहाल हालात देख प्रशासनिक तंत्र पर नाराजगी जाहिर की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सोनारी स्थित जहिरा बस्ती का दौरा किया, जहां करीब 150 घरों में बारिश का पानी घुस चुका था। उन्होंने कहा कि बस्ती से गुजरने वाले जुस्को नाले की सफाई नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। नाले के जाम हो जाने से जल निकासी बाधित हो गई और लोगों को जलजमाव का सामना करना पड़ रहा है। श्री राय ने तत्काल जुस्को अधिकारियों को फोन कर नाले की सफाई के निर्देश दिए।

उन्होंने मानगो क्षेत्र के नित्यानंद कॉलोनी और कालिका नगर में भी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इन इलाकों में बैकवाटर की गंभीर समस्या है, जिसके कारण नाले का पानी उल्टा बहकर बस्तियों में घुस जा रहा है। उन्होंने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि हर साल बारिश में जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है, जिसका स्थायी समाधान जरूरी है।

सरकारी सुस्ती पर कड़ा प्रहार

सरयू राय ने राज्य सरकार के सिस्टम पर तीखा हमला करते हुए कहा, “सरकार का पूरा तंत्र लकवाग्रस्त हो गया है। मंत्रालय से लेकर जिला स्तर तक कोई काम समय पर नहीं हो रहा।” उन्होंने बताया कि नित्यानंद कॉलोनी की जल निकासी योजना को विभागीय स्वीकृति के लिए पांच महीने पहले भेजा गया था, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली, जिससे वहां के लोग परेशान हैं।

उन्होंने बताया कि 15वें वित्त आयोग की राशि से बनने वाली कई योजनाएं फाइलों में अटकी पड़ी हैं। इन योजनाओं को एचएलएमसी (हाई लेवल मॉनिटरिंग कमेटी) की बैठक में स्वीकृति मिलनी होती है, लेकिन बैठक कई महीनों से लंबित थी। दो दिन पहले बैठक तो हुई, लेकिन फैसलों की जानकारी और आदेश पत्र आने में भी लंबा समय लग सकता है।

पेयजल परियोजना भी फाइलों में उलझी

मानगो पेयजल परियोजना की बदहाली का जिक्र करते हुए सरयू राय ने कहा कि इस परियोजना के सुधार को लेकर बैठकें तो होती हैं, आदेश भी जारी होते हैं, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं दिखता। जब तक मंत्रालय स्तर पर गंभीरता नहीं दिखाई जाएगी, तब तक आमजन को राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासनिक सुस्ती यूं ही बनी रही तो जनता का आक्रोश सरकार के खिलाफ और बढ़ेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें