Seraikela : सरायकेला-राजनगर बायपास मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार एलपीटी (LPT) ट्रक की चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से कुचल गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र अपनी स्कूटी से एक स्कूल में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त स्कूटी की तलाशी के दौरान डांडिया स्टिक बरामद हुई। इससे आशंका जताई जा रही है कि छात्र कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रक और स्कूटी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की पहचान के लिए स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर और आसपास के स्कूलों के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
















